Hapur News: शिक्षा मंत्री गुलाब देवी सड़क हादसे में हुईं घायल, अस्पताल में भर्ती

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी  एक सड़क हादसे का शिकार हो गईं। उनका काफिला जब दिल्ली से बिजनौर जा रहा था, तभी नेशनल हाईवे-9 पर हापुड़ जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में उनके काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में मंत्री को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

CCTV में कैद हुआ हादसा

हादसे का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में देखा जा सकता है कि मंत्री के काफिले की सबसे आगे चल रही गाड़ी अचानक ब्रेक लगाकर रुक जाती है, जिससे पीछे चल रही एस्कॉर्ट गाड़ियां भी अचानक रुकने को मजबूर हो जाती हैं। इसी दौरान मंत्री गुलाबो देवी की गाड़ी के ड्राइवर का बैलेंस बिगड़ गया और उनकी कार आगे वाली गाड़ी से टकरा गई।

इस टक्कर में मंत्री की गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि मंत्री गुलाबो देवी को चोटें आ गईं। हादसे के तुरंत बाद सुरक्षा टीम ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

गुलाब देवी का राजनीतिक सफर

  • गुलाब देवी, उत्तर प्रदेश की जानी-मानी महिला नेता हैं। वे भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ सदस्य हैं और वर्तमान में योगी आदित्यनाथ सरकार में माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में कार्यरत हैं।
  • वे संभल जिले की चंदौसी विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रह चुकी हैं।
  • 1 जून 1955 को जन्मीं गुलाबो देवी ने अपने करियर की शुरुआत राजनीति विज्ञान की टीचर के रूप में की थी और बाद में प्रिंसिपल भी बनीं।
  • अनुसूचित जाति वर्ग से आने वाली गुलाबो देवी ने अपनी सादगी, मेहनत और लगन से समाज और राजनीति में अलग पहचान बनाई।
  • वे भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं।

फिलहाल स्थिर है स्थिति

सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टरों की देखरेख में गुलाबो देवी का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। हादसे की जांच भी शुरू कर दी गई है।

Also Read: अलीगढ़ में STF का बड़ा खुलासा, अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.