Hapur News: खेत में किसान की संदिग्ध मौत, गांव में मचा हड़कंप

Hapur News: जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदपुरा में रविवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया। गांव के 45 वर्षीय किसान नरबीर का शव उनके ही खेत में पड़ा मिला। अचानक मौत की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए।

खेत में पड़ा मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर काम करने पहुंचे, तो नरबीर का शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। मृतक के भाई अजब सिंह तोमर ने बताया कि नरबीर बेहद मेहनती था और परिवार का भरण-पोषण करने के लिए खेती के साथ एक प्राइवेट कंपनी में भी नौकरी करता था। पीछे पत्नी बबीता और दो बेटे सागर व डेविड हैं, जो फिलहाल पढ़ाई कर रहे हैं।
परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जताई और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस-फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं।

प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का लग रहा है। हालांकि, असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल परिजनों ने कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। नरबीर की अचानक हुई मौत को लेकर पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग मान रहे हैं कि मामला संदिग्ध है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Also Read: रूस ने यूक्रेन के 160 ड्रोन और 4 बम मार गिराने का किया दावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.