Hapur News: रुक गए 517 जोड़ों के फेरे, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का कार्यक्रम हुआ निरस्त
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 517 जोड़ों के विवाह के लिए आयोजित कार्यक्रम को अव्यवस्था के चलते निरस्त कर दिया गया। नगर क्षेत्र के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम अचानक रद्द होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अब प्रशासन ने इसे 10 दिन बाद दोबारा कराने का निर्णय लिया है।
निरीक्षण में सामने आईं गंभीर खामियां
बताया गया कि विवाह कार्यक्रम के लिए लगाए गए पंडाल में फटे और गंदे कपड़ों का इस्तेमाल किया गया था। इसके साथ ही भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर शिकायतें सामने आईं। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम ने तैयारियों का निरीक्षण किया, जिसमें पंडाल और खानपान की व्यवस्था मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई।
75 लाख रुपए का था टेंडर
समाज कल्याण विभाग की ओर से इस कार्यक्रम के लिए लगभग 75 लाख रुपए की लागत तय की गई थी। 517 जोड़ों के विवाह के लिए रामलीला मैदान को चुना गया था। जानकारी के अनुसार मुकुल वेडिंग्स नामक फर्म को 75 लाख रुपए में टेंडर दिया गया था। यह फर्म प्रदेश के अन्य जिलों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है।
जिलाधिकारी ने जताई सख्त नाराजगी
जब मामले की जानकारी जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय को मिली तो उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और व्यवस्था पर सख्त नाराजगी जताई। अव्यवस्था को देखते हुए कार्यक्रम को तत्काल निरस्त करने के आदेश दिए गए। जिलाधिकारी ने फर्म को ब्लैक लिस्ट करने की संतुष्टि दी और निदेशालय को पत्र लिखकर अन्य स्थानों पर भी काम न देने की अनुशंसा की है।
10 दिन बाद दोबारा होगा आयोजन
बताया जा रहा है कि जिला समाज कल्याण विभाग की लापरवाही के कारण कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। प्रशासन का कहना है कि कुछ दिनों बाद दोबारा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी जोड़े या उनके परिवार को परेशानी न हो। सरकार की इस योजना के तहत गरीब परिवारों के विवाह संपन्न कराए जाते हैं, ऐसे में लापरवाही को गंभीरता से लिया गया है।
Also Read: मैनपुरी में कीकर के जंगल में बैठकर लिखी जा रही थीं बोर्ड की कॉपियां, STF ने 6 को दबोचा

