Hardik Pandya Viral Video: BCCI की पॉलिसी पर उठे सवाल, कोलंबो पहुंचते ही मचा बवाल!

Sandesh Wahak Digital Desk: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का अगला हाई-वोल्टेज मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है।

इस अहम मैच से पहले भारतीय टीम श्रीलंका पहुंच चुकी है। टीम के आगमन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने नया विवाद खड़ा कर दिया है।

वायरल वीडियो में भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ नजर आ रहे हैं। जबकि टीम के अन्य खिलाड़ी अकेले यात्रा करते दिखे।

इसी वजह से सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि क्या हार्दिक पंड्या ने बीसीसीआई की पॉलिसी का उल्लंघन किया है।

दरअसल, रिपोर्ट्स के अनुसार बीसीसीआई ने टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के साथ परिवार या पार्टनर को टीम ट्रैवल और आधिकारिक ठहराव में शामिल करने की अनुमति नहीं दी है।

टीम मैनेजमेंट की ओर से इस संबंध में प्रस्ताव भी भेजा गया था, जिसे बोर्ड ने अस्वीकार कर दिया था। ऐसे में हार्दिक पंड्या का अपनी गर्लफ्रेंड के साथ टीम के साथ पहुंचना फैंस के लिए चौंकाने वाला रहा।

क्या कहती है BCCI की पॉलिसी?

बीसीसीआई की मौजूदा गाइडलाइंस के मुताबिक, 45 दिनों से अधिक के लंबे विदेशी दौरे पर खिलाड़ी अपने परिवार को अधिकतम 14 दिनों तक साथ रख सकते हैं।

हालांकि, वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट में टीम के आधिकारिक ट्रैवल और होटल व्यवस्था में परिवार या पार्टनर को शामिल करने की अनुमति नहीं होती।

खिलाड़ी चाहें तो निजी तौर पर अलग व्यवस्था कर सकते हैं, लेकिन टीम गतिविधियों से दूरी बनाए रखना जरूरी है।

फिलहाल इस पूरे मामले पर न तो हार्दिक पंड्या की ओर से और न ही बीसीसीआई की तरफ से कोई आधिकारिक बयान आया है।

ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो में दिखी स्थिति किसी विशेष अनुमति का नतीजा है या फिर नियमों की अनदेखी।

लेकिन सोशल मीडिया पर यह मुद्दा जोर पकड़ चुका है और अनुशासन व नियमों को लेकर बहस जारी है।

Also Read: T20 World Cup 2026: आर प्रेमदासा स्टेडियम में कैसा है भारत-पाकिस्तान का टी20 रिकॉर्ड?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.