Hardoi News: पांच लाख रुपये लेकर घर से निकले गेस्ट हाउस संचालक की हत्या, ऑनलाइन गेम और जुए से जुड़ रहे तार

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। लोनार थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक गेस्ट हाउस संचालक की बांके (धारदार हथियार) से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गुस्साए परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर मौके पर जमकर हंगामा किया।

पुरोरी गांव के रहने वाले 50 वर्षीय अनिल सिंह उर्फ नीशू भदौरिया नकटोरा पुलिया के पास अपना गेस्ट हाउस चलाते थे और वहीं परिवार के साथ रहते थे। बुधवार को उनके घर में बेटे का मुंडन संस्कार था, जिसकी खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि मातम पसर गया।

बेटे अजय के मुताबिक, गुरुवार दोपहर अनिल सिंह के मोबाइल पर किसी का फोन आया। फोन आने के बाद वह गले में करीब 50 ग्राम की सोने की चैन पहनकर और बाइक से 5 लाख रुपये नकद लेकर नकटोरा के लिए निकले थे। कुछ ही देर बाद खबर आई कि उनका खून से लथपथ शव रामचंद्र डिग्री कॉलेज के पास पड़ा मिला है।

पुलिस की शुरुआती जांच इस हत्याकांड के पीछे जुए और ऑनलाइन गेम के विवाद की ओर इशारा कर रही है। घटनास्थल से अनिल सिंह का मोबाइल और बाइक बरामद हुई है। जांच में पता चला है कि हत्या से ठीक पहले उनके मोबाइल से ऑनलाइन गेम में 50 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया था। हालांकि, उनके पास से 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं, लेकिन बाकी की रकम और सोने की चैन का क्या हुआ, इसकी जांच जारी है।

मौके पर पहुंची पुलिस को शव से कुछ ही दूरी पर खून से सना हुआ बांका मिला है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने इसी हथियार से उन पर ताबड़तोड़ वार किए होंगे। घटना के बाद जब पुलिस पंचनामा भरने पहुंची, तो परिजन और ग्रामीण अड़ गए। उनकी मांग थी कि पहले नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, तभी शव को उठाने दिया जाएगा। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

बेटे अजय की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों रिंकू सिंह, धीरू सिंह, धीरज और रियासत अली के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। ये सभी आरोपी हरसिंहपुर गांव के बताए जा रहे हैं। पुलिस अब मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स के आधार पर हत्यारों की तलाश में जुट गई है।

Also Read: लोकसभा में हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष, नारेबाजी के बीच 5 मिनट में ही स्थगित हुई कार्यवाही

Get real time updates directly on you device, subscribe now.