Hardoi News: कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता आपस में भिड़े, खूब चले डंडे और चप्पल
Hardoi News: जिले में सोमवार को राजनीतिक माहौल उस वक्त गरमा गया, जब कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों दलों के प्रदर्शन को लेकर शहर में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद जमकर झड़प हुई। इस दौरान डंडे और चप्पलें चलीं, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं पर रंग फेंकने का भी आरोप लगा।
आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर प्रदर्शन
दरअसल, कांग्रेस ने ‘वोट चोरी, गद्दी छोड़ो’ के नारे के साथ प्रदर्शन का ऐलान किया था। वहीं, भाजपा ने भी पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन करने की योजना बनाई।
पुलिस प्रशासन ने अलर्ट पर रहते हुए दोनों पक्षों को रोकने की कोशिश की। कांग्रेस दफ्तर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड के पीछे से ही जोरदार नारेबाजी करने लगे।

झड़प और हंगामा
इसी बीच, जिंदपीर चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ता भी कांग्रेस दफ्तर की ओर बढ़ गए। जैसे ही दोनों पक्ष आमने-सामने आए, स्थिति बेकाबू हो गई। आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं पर रंग फेंका, जिसके बाद दोनों तरफ से लाठी-डंडे और चप्पलें चलने लगीं। मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल सिर्फ बीच-बचाव करता नजर आया, जिससे पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
दोनों पक्षों के आरोप
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडे ने भाजपा पर फर्जी मुद्दा उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने ऐसी कोई टिप्पणी नहीं की है और भाजपा लोगों का ध्यान हरदोई की मूल समस्याओं से भटकाने की कोशिश कर रही है, जैसे कि किसानों को खाद न मिलना और विकास का अभाव।
वहीं, भाजपा नेत्री सुहाना जैन ने कहा कि वे पीएम मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ टिप्पणी का विरोध कर रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिलाओं पर रंग फेंका और हमला करने की कोशिश की, जो मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसी हरकतें दोबारा हुईं तो भाजपा मुंहतोड़ जवाब देगी।
Also Read: UP News : STF ने किया वन्य जीव तस्करों के गिरोह का पर्दाफाश, दो महिला सदस्य गिरफ्तार

