हरियाणवी एक्टर उत्तर कुमार पर लगा यौन शोषण का आरोप, थाने में शिकायत दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। इंडस्ट्री की एक युवा कलाकार ने जाने-माने अभिनेता उत्तर कुमार पर यौन शोषण और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाने में 24 जून को एक शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें दावा किया गया है कि उत्तर कुमार ने उन्हें फिल्मों में काम दिलाने और शादी करने का झूठा झांसा देकर फंसाया।
नोएडा के सेक्टर-53 में रहने वाली 25 वर्षीय इस कलाकार ने अपने वकील के ज़रिए पुलिस में शिकायत दी है। शिकायत में कहा गया है कि 2020 में उत्तर कुमार ने उन्हें गाजियाबाद स्थित अपने दफ्तर और अमरोहा के फार्महाउस पर बुलाया, जहां उनका कथित तौर पर यौन शोषण किया गया। जब अभिनेत्री ने शादी के वादे को लेकर सवाल किए, तो उत्तर कुमार ने दूरी बनानी शुरू कर दी और आरोप है कि उन्हें जातिसूचक गालियां भी दीं।
शिकायत में आगे बताया गया है, “2023 में एक फिल्म की सफलता की पार्टी के बाद उत्तर कुमार ने बलात्कार किया। उत्तर कुमार ने ब्लैकमेल भी किया और शादी करने के साथ-साथ फिल्मों में मुख्य भूमिकाएं देने का वादा भी किया था। पीड़िता की ओर से इस मामले को देख रहे वकील परमीत सिंह ने इसे एक गंभीर मामला बताया है। उन्होंने कहा, महिला कलाकार ने साहस के साथ आगे आकर आवाज उठाई है। हम कानून के ज़रिए न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द जांच पूरी कर आरोपी उत्तर कुमार को गिरफ्तार करने की भी मांग की है।
अपनी शिकायत में महिला कलाकार ने यह भी लिखा है कि वह इन घटनाओं से बहुत आहत और मानसिक रूप से टूट चुकी हैं। उन्होंने डर और इंडस्ट्री में उत्तर कुमार के प्रभाव के कारण रिपोर्ट करने में देरी की बात भी कबूली है। महिला कलाकार ने अपनी शिकायत में सुरक्षा की भी मांग की है। उन्होंने लिखा, मेरी सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाया जाए, क्योंकि मुझे अपनी जिंदगी और कॅरियर का डर है। फिलहाल, इस पूरे मामले पर अभिनेता उत्तर कुमार की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Also Read: Lucknow: मलिहाबाद में वकीलों का हंगामा, चैंबर तोड़े जाने से हैं नाराज, आत्महत्या की दी चेतावनी

