हाजी मस्तान की बेटी ने लगाई न्याय की गुहार, पीएम मोदी और अमित शाह से मांगी मदद
Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई के पूर्व अंडरवर्ल्ड डॉन हाजी मस्तान मिर्जा की बेटी हसीन मस्तान मिर्जा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह कोई फिल्मी कहानी नहीं, बल्कि उनका अपना दर्द और सालों पुराना संघर्ष है। हसीन मस्तान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से अपील करते हुए अपने साथ हुए यौन शोषण, जबरन बाल विवाह और संपत्ति हड़पने के मामले में न्याय मांगा है।
हसीन ने दावा किया कि उनके पिता की मौत (1994) के दो साल बाद, जब वे महज 12 साल की थीं, उनके साथ धोखा हुआ। 1996 में उनकी उम्र गलत बताकर उनके मामा के बेटे नासिर हुसैन से उनकी जबरन शादी करा दी गई। हसीन का आरोप है कि नासिर ने उनके साथ बलात्कार किया और लंबे समय तक शारीरिक प्रताड़ना दी, जिसके कारण उनका गर्भपात भी हो गया।
संपत्ति पर कब्जा और घर से बेदखली
हसीन ने बताया कि प्रताड़ना का सिलसिला यहीं नहीं रुका। नासिर हुसैन, जो पहले ही आठ शादियां कर चुका था, उसने हसीन की पहचान छिपाकर उनकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। हसीन के मुताबिक, वे सालों से दर-दर की ठोकरें खा रही हैं। उन्होंने बताया कि 2013 में जब उन्होंने केस दर्ज कराने की कोशिश की, तो उनकी मां रहस्यमयी तरीके से गायब हो गईं।
महाराष्ट्र में भी हो योगी जैसा न्याय
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की तारीफ करते हुए हसीन ने कहा कि अगर महाराष्ट्र में भी योगी जैसा शासन होता, तो उन्हें अब तक न्याय मिल चुका होता। उन्होंने तीन तलाक कानून खत्म करने के लिए पीएम मोदी की सराहना की और कहा कि जिस तरह मुस्लिम महिलाओं को उस कानून से राहत मिली, वैसी ही सख्त कार्रवाई बाल विवाह और यौन अपराधों के मामलों में भी होनी चाहिए। अपराध के खिलाफ कानून इतने सख्त होने चाहिए कि अपराधी की रूह कांप जाए। मैं आज लोन लेकर हाईकोर्ट में अपनी लड़ाई लड़ रही हूँ, क्योंकि मेरे पास न नौकरी है और न ही पैसा।
हसीन ने मीडिया से भावुक अपील की कि उनके मामले को उनके पिता हाजी मस्तान के अंडरवर्ल्ड इतिहास से न जोड़ा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये तमाम जुल्म उनके पिता की मौत के बाद शुरू हुए। कई बार खुदकुशी की कोशिश कर चुकीं हसीन अब अकेले ही इस कानूनी जंग को अंजाम तक पहुँचाना चाहती हैं।
Also Read: बर्लिन में गरजे राहुल गांधी, बोले- हम बीजेपी से नहीं, संस्थानों पर उनके कब्जे से लड़ रहे हैं

