मोहम्मद शमी की राजनीति में एंट्री की अटकलों के बीच हसीन जहां ने अमरोहा सदर से निर्दलीय चुनाव लड़ने का किया ऐलान

UP News: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के राजनीति में उतरने की चर्चाओं के बीच उनकी पूर्व पत्नी हसीन जहां ने बड़ा ऐलान कर दिया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की अमरोहा सदर विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है। गौरतलब है कि मोहम्मद शमी और हसीन जहां के बीच तलाक हो चुका है, जिसके बाद से दोनों के बीच विवाद की खबरें लगातार सामने आती रहती हैं। पिछले दिनों मोहम्मद शमी ने राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके चुनाव मैदान में उतरने की अटकलें तेज हो गई थीं। लेकिन शमी से पहले ही हसीन जहां ने चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पूर्व पत्नी हसीन जहां ने कहा, अमरोहा की जनता मुझे अच्छी तरह जानती है, इसलिए वह यहां से चुनाव मैदान में उतरेंगी। अगर मोहम्मद शमी या उनके परिवार से कोई भी चुनाव मैदान में आएगा तो मैं उनके खिलाफ चुनाव लड़ूंगी। मैं अमरोहा की जनता की सेवा करना चाहती हूं। इस तरह चुनावी मैदान में उतरने से पहले ही मोहम्मद शमी और हसीन जहां एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं।

दोनों के बीच साल 2018 में विवाद सामने आया था, जिसके बाद दोनों अलग रहने लगे और तलाक हो गया। हसीन जहां ने शमी और उनके परिवार पर घरेलू हिंसा तथा प्रताड़ना जैसे आरोप लगाए थे। वर्तमान में कोलकाता हाई कोर्ट के आदेशानुसार शमी अपनी पत्नी और बेटी के गुजारे भत्ते के लिए चार लाख रुपये प्रति माह दे रहे हैं, जिसे बढ़ाने के लिए हसीन जहां ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की हुई है।

जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद तेज हुई थीं अटकलें

क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात की थी। जयंत चौधरी ने ही इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसके बाद से शमी के विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें शुरू हो गई थीं। चर्चा है कि भाजपा-रालोद गठबंधन मोहम्मद शमी को उत्तर प्रदेश के अमरोहा सदर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतार सकता है। अमरोहा मुस्लिम बहुल इलाका है और शमी का पैतृक निवास सहसपुर अलीनगर इसी जिले में आता है। इसके अलावा एक चर्चा यह भी है कि अगर शमी खुद चुनाव नहीं लड़ते हैं तो उनके परिवार से कोई मैदान में उतर सकता है। शमी के पिता और उनकी मां गांव के प्रधान रह चुके हैं।

आधिकारिक ऐलान का अभी इंतजार

हालांकि मोहम्मद शमी के चुनाव लड़ने का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन उनकी पूर्व पत्नी हसीन जहां ने पहले ही उनके खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है, जिससे दोनों एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।

Also Read: Maharajganj News: तेज रफ्तार XUV अनियंत्रित होकर मकान में घुसी, बाल-बाल बचे कार सवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.