Hathras News: सादाबाद में परीक्षा केंद्र पर बवाल, उच्च शिक्षा अधिकारी से मारपीट

Hathras News: राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध हाथरस जनपद के सादाबाद स्थित जीएस महाविद्यालय में चल रही परीक्षाओं के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नियमित निरीक्षण पर पहुंचे क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी जीएस मोदी के साथ मारपीट की घटना सामने आई। परीक्षा केंद्र पर हुई इस अप्रत्याशित घटना से न सिर्फ वहां मौजूद परीक्षार्थियों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई, बल्कि पूरे शिक्षा विभाग में भी इसे लेकर हलचल तेज हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी जीएस मोदी परीक्षा की व्यवस्था, अनुशासन और कक्षों की स्थिति का जायजा लेने के लिए जीएस महाविद्यालय पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। शुरुआती तौर पर यह विवाद मौखिक बहस तक सीमित था, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई।

निरीक्षण अधिकारी से मारपीट का आरोप

आरोप है कि इसी दौरान उच्च शिक्षा अधिकारी जीएस मोदी के साथ मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। परीक्षा केंद्र पर कुछ समय के लिए अव्यवस्था का माहौल बन गया, हालांकि बाद में हालात संभाल लिए गए।
इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ा 45 सेकेंड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है। वीडियो के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में भी इसे लेकर चिंता बढ़ गई है।

क्या बोले कुलपति?

घटना को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए गए हैं। राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एनबी सिंह ने कहा है कि परीक्षा में निरीक्षण के दौरान मारपीट की घटना निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और दोषी चाहे जो भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक, अधिकारियों और सभी पक्षों से बातचीत कर निर्णय लिया जाएगा।

वहीं, परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने कहा है कि जब लिखित रूप से कोई शिकायत प्राप्त होगी, तब मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। उनके इस बयान से यह साफ है कि प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

 

Also Read: Ayodhya News: नए साल पर नहीं हो पाएंगे राम लला के VIP दर्शन, लगी रोक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.