‘क्या लालू-राबड़ी को कैद कर लिया गया है?’, BJP प्रवक्ता के ट्वीट ने बिहार में बढ़ाई सियासी हलचल

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के सबसे बड़े सियासी घराने, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार में चल रहा आंतरिक विवाद अब एक नया मोड़ ले चुका है। लालू यादव को किडनी दान करने वाली बेटी रोहिणी आचार्य ने लगातार दूसरे दिन, रविवार को भी सोशल मीडिया (एक्स) पर अपना दर्द साझा किया और अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव तथा उनके सहयोगियों पर हमलावर रहीं।

इस पूरे मामले पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रवक्ता अजय आलोक ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा और स्वतंत्रता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बीजेपी प्रवक्ता की मांग

बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक ने ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए रोहिणी आचार्य को पूरे मामले में FIR (प्रथम सूचना रिपोर्ट) दर्ज कराने की सलाह दी है। अजय आलोक ने लिखा “क्या लालू जी और राबड़ी देवी को क़ैद कर लिया गया है?? जान पे खतरा ??? रोहिणी जी को एक FIR करवानी चाहिए साथ में तेज प्रताप भी रहे । मिसा क्यों चुप हैं ??’” यह बयान लालू परिवार में जारी कलह को एक सार्वजनिक सुरक्षा और कानूनी मुद्दे में बदलने का संकेत देता है।

रोहिणी आचार्य के सनसनीखेज आरोप

सिंगापुर जाने के क्रम में रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर भावुक पोस्ट किए, जिसमें उन्होंने तेजस्वी यादव के करीबी सहयोगी राजद सांसद संजय यादव (हरियाणा से ताल्लुक) और रमीज (उत्तर प्रदेश के राजनीतिक परिवार से ताल्लुक) पर निशाना साधा। रोहिणी ने आरोप लगाया कि तेजस्वी के कुछ सहयोगियों ने उन पर कटाक्ष किया कि उन्होंने अपने पिता को “गंदी किडनी” दी और इसके बदले करोड़ों रुपये व पार्टी का टिकट लिया।

उन्होंने भावुक होते हुए ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा कि “किसी घर रोहिणी जैसी बेटी न हो।” रोहिणी ने बिहार चुनाव में आरजेडी की हार के लिए तेजस्वी के इन करीबी सहयोगियों को जिम्मेदार ठहराया था, जिसके बाद उन्होंने ‘राजनीति छोड़ने और अपने परिवार से नाता तोड़ने’ की घोषणा भी की थी।

गौर करने वाली बात यह है कि इसी साल लालू प्रसाद यादव अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को भी घर और पार्टी से बेदखल कर चुके हैं।

Also Read: दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: 49 लाख रुपये ठगने वाले 6 जालसाज लखनऊ से दबोचे गए

Get real time updates directly on you device, subscribe now.