Lucknow: हेड कांस्टेबल ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, लोहे की रॉड से सिर पर किया हमला
Lucknow Crime News: यूपी पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल रक्षक बनने के बजाय खुद ही भक्षक बन गया। उसने कानून को अपने हाथ में लेते हुए पत्नी की हत्या कर डाली। लखनऊ के महानगर (Mahanagar) में हेड कांस्टेबल हिमांशु श्रीवास्तव (Himanshu Srivastava) का पत्नी रश्मि (40) से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान उसने पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे वो बेदम होकर गिर गई।
सिर से अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हेड कांस्टेबल ने साले को फोन करके बुलाया। घरवाले पहुंचे तो देखा कि कांस्टेबल रश्मि के शव के पास बैठा था। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है।
अंबेडकरनगर मालेपुरा निवासी रश्मि के भाई सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि बहन का विवाह अयोध्या में निरालानगर निवासी हिमांशु श्रीवास्तव से वर्ष 2015 में हुआ था। हिमांशु श्रीवास्तव शादी के बाद से ही अक्सर बहन को परेशान करता था, लेकिन घर बचाने के लिए बहन सब कुछ बर्दाश्त करती रही।
बता दें कि वर्ष 2011 में सिपाही के पद पर भर्ती हिमांशु श्रीवास्तव बीते वर्ष हेड कांस्टेबल के पद पर प्रोन्नत हुआ था। हिमांशु श्रीवास्तव (मुख्य आरक्षी) की वर्तमान तैनाती सूचना अधिकार प्रकोष्ठ, डालीगंज, कमिश्नरेट लखनऊ है।
घटना के बच्चे को घर के बाहर घुमाता रहा आरोपी
हिमांशु पेपर मिल कालोनी में डॉक्टर एमएम श्रीवास्तव के मकान में पिछले ढाई साल से किराये पर रह रहा था। घटना के बाद आरोपी काफी देर तक मकान मालिक के पास बैठा रहा। इसके बाद वह करीब तीन घंटे तक अपने एक साल के बच्चे को अपने साथ लेकर घूमता रहा। मोहल्लेवालों ने बताया कि हिमांशु अक्सर बाहर बच्चे को घुमाता था। लेकिन रविवार को काफी देर बच्चे के साथ रहा। इस पर लोगों को शक हुआ।
‘बहन का बीपी बढ़ा हुआ था’
मृतिका के भाई सौरभ ने बताया कि शुक्रवार रात बहन से बात हुई थी। उसने कहा था कि उसका बीपी सही नहीं है। उसने घर आने के लिए कहा तो रश्मि ने उसे मना कर दिया। शनिवार को पूरे दिन बात नहीं हुई। रविवार को छोटे भाई आदर्श का फोन आया तो उसने बताया कि दीदी का फोन नहीं उठ रहा।
जिसके बाद बहन के घर पहुंचा तो वह रसोई के किनारे खून से लथपथ लाश पड़ी थी। उसके सिर में काफी चोट थी और चारों तरफ खून फैला हुआ था। पति हिमांशु ने उसकी बहन की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि इसके पहले भी उसने कई बार हत्या करने का प्रयास किया था। उसका गमछे से गला कसा था। इधर कुछ दिन सब ठीक हो गया लेकिन अचानक उसने रश्मि की हत्या कर दी। वह रक्षाबंधन पर आया था और बहन से राखी बंधवाकर गया था।
Also Read: खीरी में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, 65 साल का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

