Azamgarh News: रिटायरमेंट से 9 महीने पहले हेड कांस्टेबल ने खुद को मारी गोली
Sandesh Wahak Digital Desk: आजमगढ़ के मेहनाजपुर थाने में गुरुवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहाँ हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात नंदलाल राम ने थाने के माल खाने से रिवॉल्वर निकालकर खुद को गोली मार ली। इस घटना से पूरे थाने और जिले में हड़कंप मच गया। नंदलाल राम की मौत हो गई है, और यह घटना कई अनसुलझे सवाल छोड़ गई है।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मामले की जानकारी मिलते ही थाने के अन्य पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए और घायल नंदलाल राम को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। लेकिन, डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस तरह से एक पुलिसकर्मी ने खुद को गोली मारकर अपनी जान दे दी, उसने सभी को सकते में डाल दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
बलिया के रहने वाले थे नंदलाल
मृतक नंदलाल राम बलिया जिले के रहने वाले थे। सबसे दुखद बात यह है कि उनकी रिटायरमेंट में सिर्फ 9 महीने ही बचे थे। ऐसे में यह सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है कि रिटायरमेंट के इतने करीब आकर उन्होंने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया? ऐसी क्या परिस्थितियाँ बनीं, जिन्होंने नंदलाल राम को यह घातक फैसला लेने पर मजबूर कर दिया? फिलहाल, इस बारे में पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
Also Read: Radhika Yadav Murder: टेनिस प्लेयर राधिका यादव मर्डर केस में नया खुलासा, इस वीडियो से नाराज थे पिता

