यूपी में स्वाइन फ्लू से पहली मौत के बाद स्वास्थ विभाग अलर्ट, अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश

UP Health Department Alert : लखनऊ में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 से पहली मौत के बाद उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य भवन से प्रदेश के सभी 75 जिलों के सीएमओ, मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों और मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की।

बैठक में प्रदेश में बुखार और सांस से जुड़ी बीमारियों के बढ़ते मामलों को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। खास तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और लखनऊ में मरीजों की निगरानी और इलाज को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।

अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड और दवाओं की व्यवस्था

स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एंटीवायरल दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

ओपीडी में आने वाले गंभीर सांस के मरीजों की तुरंत जांच कराने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि H1N1 संक्रमण की पहचान समय रहते की जा सके। स्वास्थ्य विभाग मरीजों की ट्रैकिंग और उन्हें जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दे रहा है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में बुखार के मरीजों में अचानक बढ़ोतरी को देखते हुए खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और लखनऊ में मरीजों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।

लखनऊ में हुई थी यूपी की पहली मौत

गुरुवार को उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू से पहली मौत लखनऊ में हुई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरे प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी है। सरकार का फोकस गंभीर सांस के मरीजों की समय पर जांच, इलाज और H1N1 के मरीजों की निगरानी पर है।

स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने को कहा है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.