लखनऊ समेत चार जिलों में चलेगी स्वास्थ्य सेवा वाली वैन, बृजेश पाठक ने किया उद्घाटन

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदेश के दूरदराज इलाकों में अब बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं और ज़्यादा करीब होंगी। एमएसडी फार्मास्यूटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड और स्माइल फाउंडेशन की साझेदारी में आज चार मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को लखनऊ से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इन मोबाइल यूनिट्स के जरिए उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक गांवों में दो लाख से ज्यादा लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इस सेवा का लाभ अब लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और सोनभद्र जिलों में भी मिलेगा।

कैसी होगी सुविधा?

हर मोबाइल यूनिट में योग्य डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, ज़रूरी जांच उपकरण, फ्री दवाएं और ओपीडी काउंसलिंग जैसी तमाम सुविधाएं मौजूद रहेंगी। साथ ही गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों का टीकाकरण, ब्लड प्रेशर और डायबिटीज़ जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी।

इन यूनिट्स के ज़रिए सिर्फ इलाज नहीं, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता, सरकारी योजनाओं की जानकारी, और व्यवहारिक बदलाव को भी बढ़ावा दिया जाएगा। खास बात यह है कि यह सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क होंगी और लोगों को अपने गांव-घर के पास ही इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

क्या बोले अधिकारी?

एमएसडी इंडिया के प्रबंध निदेशक रेहान ए. खान ने कहा देश के वंचित इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच बढ़ाना हमारा उद्देश्य है। यह पहल उसी दिशा में एक मजबूत कदम है। स्माइल फाउंडेशन के सह-संस्थापक शांतनु मिश्रा ने कहा हमने देखा है कि मोबाइल मेडिकल यूनिट्स ने ज़मीनी स्तर पर लोगों को इलाज से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है। एमएसडी के साथ साझेदारी से हम अपने काम को और ज़्यादा प्रभावी बना पाएंगे।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा मुझे खुशी है कि ये मोबाइल यूनिट्स उन इलाकों में पहुंचेंगी जहां चिकित्सा सुविधा सीमित है। मैं एमएसडी और स्माइल फाउंडेशन को इस जनकल्याणकारी कदम के लिए धन्यवाद देता हूं।

Also Read: Lucknow: डीएम विशाख पहुंचे नादरगंज, जल निकासी और जाम की समस्याओं पर लिया जायजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.