‘दिल, दिमाग, फेफड़े… सब गायब’, वेनेजुएला से आए भारतीय नाविक का शव नहीं मिले मुख्य अंग

Rakesh Chauhan Venezuela Indian Seafarer: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के लगड़ा बाजार टोला निवासी 33 वर्षीय भारतीय नाविक राकेश चौहान की मौत का मामला अब गंभीर सवालों के घेरे में है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राकेश नवंबर 2025 में मर्चेंट नेवी के जहाज पर नौकरी के लिए वेनेजुएला गए थे।

उन्हें ‘एक्सफिनिटी’ कंपनी ने भेजा था। मई 2026 में कंपनी ने परिवार को सूचना दी कि उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) से हो गई है। करीब एक महीने बाद 4 जून को शव भारत पहुंचा।

दोबारा पोस्टमार्टम में चौंकाने वाला खुलासा

परिवार को शव देखकर संदेह हुआ, जिसके बाद जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर उत्तर प्रदेश में दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। जांच में डॉक्टरों ने पाया कि राकेश के शरीर से दिमाग, दिल, दोनों फेफड़े, लीवर, दोनों किडनी, तिल्ली, पेनक्रियाज, पेट और आंतें समेत कई मुख्य अंग गायब थे।

गले के हिस्से जैसे थायराइड, वॉयस बॉक्स और सांस की नली भी नहीं मिली। शरीर पर सिर, गर्दन, छाती और पेट तक कई टांके लगे थे। अंग नहीं होने के कारण डॉक्टर मौत की असली वजह तय नहीं कर सके।

परिवार ने कंपनी पर लगाए गंभीर आरोप

राकेश के पिता राम देव चौहान का आरोप है कि कंपनी ने अलग-अलग समय पर अलग-अलग जानकारी दी। पहले कहा गया कि राकेश जहाज पर गिरकर घायल हुए हैं और इलाज चल रहा है। अगली कॉल में बताया गया कि उनके बचने की संभावना सिर्फ 5% है, जबकि बाद में मौत की पुष्टि कर दी गई।

परिवार का दावा है कि पहले मौत की वजह गिरने से लगी चोट बताई गई, लेकिन बाद में दस्तावेजों में इसे कार्डियक अरेस्ट लिखा गया। उनका सवाल है, “अगर मौत सामान्य थी, तो हमारे बेटे के शरीर के सभी अंग कहां गए?”

FSUI ने निष्पक्ष जांच की मांग की

फेडरेशन ऑफ सीफेयरर्स यूनियन (FSUI) ने इस मामले को गंभीर बताते हुए वेनेजुएला सरकार से निष्पक्ष जांच, वहां स्थित भारतीय दूतावास के तत्काल हस्तक्षेप और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

मेडिकल विशेषज्ञों का कहना है कि पोस्टमार्टम में जांच के लिए कुछ सैंपल लेना सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन सभी मुख्य अंगों का गायब होना और उसका कोई रिकॉर्ड न होना बेहद संदेहास्पद है। फिलहाल यह मामला विदेशों में काम करने वाले भारतीय कामगारों की सुरक्षा को लेकर भी बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.