UP Weather Update: यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, आज से सक्रिय हो जाएगा मानसून
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में मानसून ने अब पूरी रफ्तार पकड़ ली है और प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के तराई और बुंदेलखंड के 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, और रामपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
इसके अलावा, प्रदेश के 70 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिमी हिस्से में भी मानसून पूरी तरह से दस्तक दे देगा, जिससे वहां भी बारिश का सिलसिला तेज़ होगा। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को हमीरपुर, प्रतापगढ़, कानपुर, औरैया, जौनपुर, और सुलतानपुर जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश देखी गई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के उत्तरी-तराई क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। उन्होंने कहा कि अगले दो-तीन दिन तक मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे इन क्षेत्रों में जलभराव और अन्य मौसम संबंधित समस्याओं का सामना हो सकता है।
मौसम विभाग ने सभी जिलों के अधिकारियों से एहतियात बरतने की अपील की है और मौसम से जुड़े जोखिमों को लेकर जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है।
Also Read: भाजपा सरकार पर धार्मिक स्थलों को नष्ट करने का आरोप, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय…

