दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से उमस से राहत, लेकिन ट्रैफिक और जलभराव बना मुसीबत
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली और एनसीआर में बुधवार सुबह से ही मौसम ने करवट ले ली है। आसमान में काले बादलों की गड़गड़ाहट और मूसलाधार बारिश ने जहां एक ओर गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को राहत दी है, वहीं दूसरी ओर जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। खासकर ऑफिस जाने के समय हुई तेज बारिश ने कामकाजी लोगों को मुश्किल में डाल दिया।
दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश
सुबह से ही करावल नगर, सिविल लाइंस, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, कश्मीरी गेट, सीलमपुर, शहादरा, विवेक विहार, लाल किला, प्रीत विहार, राष्ट्रपति भवन, राजीव चौक, आईटीओ, इंडिया गेट, अक्षरधाम, सफदरजंग, लोदी रोड, नेहरू स्टेडियम, आरके पुरम, डिफेंस कॉलोनी और लाजपत नगर जैसे क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश दर्ज की गई। इन इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं, जिससे आमजन को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एनसीआर में भी बारिश का असर
दिल्ली के अलावा एनसीआर के इलाकों में भी बारिश का जोर देखा गया। हौज खास, मालवीय नगर, कालकाजी, महरौली, तुगलकाबाद, छतरपुर, इग्नू, डेरामंडी, लोनी देहात, हिंडन एयर फोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ में भी रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है।
यूपी-हरियाणा के कई इलाकों में भी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले दो घंटे के भीतर यूपी और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश का पूर्वानुमान जताया है। उत्तर प्रदेश के औरंगाबाद, शामली, मुजफ्फरनगर, कांधला, खतौली, सकौती टांडा, दौराला, मेरठ, मोदीनगर, पिलखुआ, नंदगांव और बरसाना में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, हरियाणा के होडल क्षेत्र में भी तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
बारिश बनी राहत और परेशानी का कारण
जहां एक ओर लोगों ने बारिश के बीच गर्मी से राहत की सांस ली, वहीं जलजमाव और ट्रैफिक जाम ने शहर की रफ्तार धीमी कर दी है। कई जगहों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं और वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। खासकर दफ्तर जाने वालों को सुबह के समय भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम इसी तरह बना रह सकता है, जिससे तापमान में गिरावट की उम्मीद है।
Also Read: UP Politics: अखिलेश यादव का बड़ा आरोप, बोले- UP में उपचुनाव लूटे गए, चुनाव आयोग चुप…

