दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश, सड़कों पर जलभराव, लगा लंबा जाम

Sandesh Wahak Digital Desk: मंगलवार सुबह से दिल्ली और पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। एक तरफ दिल्ली की कई सड़कों पर जलजमाव हो गया है, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई है, वहीं नोएडा में भी भारी जलभराव के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

सबसे बुरा हाल दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाले कालिंदी कुंज बॉर्डर का रहा, जहाँ दिल्ली की ओर जाने वाले मार्ग पर गाड़ियों का लंबा जाम लग गया। सुबह के समय जब लोग दफ्तर और अन्य कार्यों के लिए निकले, तो प्रमुख चौराहों, फ्लाईओवर और मार्गों पर ट्रैफिक रेंगता हुआ नजर आया।

नोएडा में भी सड़कों पर आफत

नोएडा के व्यस्त इलाकों जैसे सेक्टर-18, सेक्टर-62, डीएनडी फ्लाईओवर और महामाया फ्लाईओवर पर वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। तेज बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति ऐसी बन गई कि दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बारिश ने एक बार फिर जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है, क्योंकि हल्की से तेज बारिश में ही सड़कें पानी से लबालब भर जाती हैं और नालियां ओवरफ्लो हो जाती हैं।

मौसम विभाग की चेतावनी, आगे भी बारिश जारी

नगर निगम की ओर से अभी तक किसी बड़े राहत कार्य की सूचना नहीं मिली है। ट्रैफिक पुलिस को भी इस खराब मौसम में अतिरिक्त दबाव झेलना पड़ रहा है। अधिकारी ट्रैफिक को सुचारु करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश और जलभराव के चलते स्थिति नियंत्रण में नहीं आ पा रही है।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को और अधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों तक एनसीआर में इसी तरह रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी और लोगों को जलभराव की स्थिति का सामना करना पड़ेगा।

Also Read: डिंपल यादव पर टिप्पणी, अखिलेश की चुप्पी पर भाजपा ने पोस्टर के जरिए बोला हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.