पश्चिम बंगाल में भारी बारिश ने बरपाया का कहर, दार्जिलिंग में भूस्खलन से 6 की मौत, दुदिया आयरन ब्रिज भी गिरा
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में भारी बारिश ने भयंकर तबाही मचा रखी है। यहां लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के मिरिक क्षेत्र में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटना हुई, जिसमें कम से कम छह लोगों की जान चली गई। वहीं यहां स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों मिरिक और कुर्सेओंग को जोड़ने वाला दुदिया आयरन ब्रिज भी भरभराकर गिर गया है।
सड़कों पर मलबा, हाईवे पर रोक
वहीं भारी बारिश के चलते यहां के सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग स्टेट हाईवे-12 पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी गई है। भूस्खलन और गिरते हुए मलबे ने सड़कों को असुरक्षित बना दिया है, जिससे सामान्य जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
राहत और बचाव कार्य जारी
जिसके बाद स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है, लेकिन लगातार बारिश और फिसलन भरी सड़कों के कारण राहत कार्यों में काफी परेशानी आ रही है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे पहाड़ी रास्तों और नदी किनारों से दूर रहें।

राष्ट्रीय राजमार्ग 110 भी प्रभावित
इस आसमानी आफत से केवल स्टेट हाईवे ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग 110 पर भी भूस्खलन हुआ है। यहां हुसैन खोला (Hussain Khola) इलाके में मलबा गिरने से सिलीगुड़ी और दार्जिलिंग के बीच संपर्क पूरी तरह टूट गया है और कई जगहों की सड़कों पर मलबा जमा हो गया है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।
वैकल्पिक मार्ग से आपात सेवाएं
वहीं हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने यहां आपातकालीन सेवाओं को वैकल्पिक मार्गों से भेजने की व्यवस्था की है, ताकि जरूरी मदद प्रभावित इलाकों तक पहुंचाई जा सके।
Also Read: क्या आप जानते हैं! सबसे पहले इस बैंक ने जारी किया था क्रेडिट कार्ड, अब 11 करोड़ के पार पहुंचा आंकड़ा

