कुशीनगर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कक्षा 8 तक के स्कूल बंद
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जिले में शनिवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। सुबह 9 बजे तेज हवाओं और बादलों की कड़क के साथ शुरू हुई बारिश लगातार जारी है, जिसके कारण लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं।
डीएम के निर्देश पर स्कूलों में अवकाश
बिगड़े मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी (DM) महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) डॉ. रामजियावन मौर्य ने तत्काल प्रभाव से कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूलों में बच्चों के लिए अवकाश घोषित कर दिया।
बारिश न थमने के कारण कुछ ही घंटों में शिक्षकों के लिए भी अवकाश घोषित कर विद्यालय बंद करने का निर्देश दिया गया। हालांकि, कई शिक्षक सुबह स्कूल पहुँच गए थे, लेकिन स्कूल बंदी की सूचना प्रसारित होने के बाद एक घंटे में ही उन्हें वापस घर लौटना पड़ा।
दिहाड़ी मजदूरों की रोजी-रोटी पर संकट
मूसलाधार बारिश का सबसे ज्यादा असर दिहाड़ी मजदूरों पर पड़ा है। रोजगार के लिए हर रोज जांगर चौक पर पहुँचने वाले सैकड़ों मजदूरों को काम नहीं मिल सका, जिससे उन्हें निराशा हाथ लगी। लगातार हो रही बारिश के कारण बाज़ारों में न तो दुकानें खुलीं और न ही आम लोग घर से बाहर निकले।
रिपोर्ट : राघवेंद्र मल्ल
Also Read: यूपी GST विभाग में 200 करोड़ का बेनामी जमीन घोटाला, 50 अधिकारी फंसे, जांच के आदेश

