धर्मेंद्र के निधन पर छलका हेमा मालिनी का दर्द, खालीपन को याद कर हुईं भावुक

Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी इस समय असहनीय पीड़ा के दौर से गुजर रही हैं। अपने पति और हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र देओल के निधन के बाद उन्होंने पहली बार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर अपना दुख व्यक्त किया है। हेमा मालिनी ने अपने पति, मार्गदर्शक और एक अभिनेता के रूप में धर्मेंद्र के हिंदी सिनेमा में दिए योगदान को याद किया।

हेमा मालिनी ने भावुक पोस्ट में लिखा, धरम जी, मेरे लिए बहुत कुछ थे। एक प्यारे पति, हमारी दो बेटियों, ईशा और अहाना के लाड़ले पिता, दोस्त, मार्गदर्शक, कवि, और हर मुश्किल घड़ी में मेरा सबसे पहले साथ देने वाले इंसान, वो मेरे लिए सब कुछ थे। उन्होंने हमेशा अच्छे-बुरे वक्त में मेरा साथ दिया है।

हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के सहज और मिलनसार व्यवहार को याद करते हुए लिखा कि उन्होंने अपने स्नेह से उनके परिवार के सभी सदस्यों को अपना बना लिया था। उन्होंने कहा, सार्वजनिक तौर पर भी अपनी लोकप्रियता और सफलता के बाद भी उनकी विनम्रता ने सभी दिग्गजों और फैंस के बीच उन्हें हमेशा के लिए स्थापित किया है। हिंदी सिनेमा में उनकी सफलता और लोकप्रियता हमेशा स्थाई बनी रहेगी।

अपने जिंदगी भर के साथ और अभूतपूर्व प्यार को याद करते हुए हेमा मालिनी ने लिखा, मेरा व्यक्तिगत नुकसान अवर्णनीय है, मेरे जीवन में जो शून्य आया, वो जीवन भर रहेगा। सालों के साथ के बाद, मेरे पास उन खास पलों को फिर से जीने के लिए ढेरों यादें बची हैं।

Also Read: पीएम मोदी ने हैदराबाद में स्काईरूट के अंतरिक्ष सुविधा का किया उद्घाटन, विकसित भारत के लिए किया आह्वान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.