‘वो राजकुमार हैं, उन्हें घूमने से फुर्सत नहीं’, ब्रजेश पाठक का राहुल गांधी पर तंज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को फिरोजाबाद में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) जिला कार्यालय पर आयोजित मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) की समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों और उनके विदेश दौरे की खबरों पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
राहुल गांधी पर तीखी टिप्पणी
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संसद सत्र चलने के दौरान राहुल गांधी के विदेश यात्रा पर जाने की खबरों पर तंज कसते हुए कहा राहुल गांधी को देश के लोगों से क्या लेना देना? वो राजकुमार हैं। उनको घूमने फिरने से फुर्सत नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें “केवल फेस सेविंग की बयानबाजी” बताया।
SIR और मतदाता सूची शुद्धिकरण पर जोर
उपमुख्यमंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया और बिहार का उदाहरण दिया। पाठक ने कहा कि बिहार में SIR के बाद चुनाव हुआ, जिसमें 65 लाख गलत नामों को मतदाता सूची से हटाया गया था। इसके बावजूद, किसी भी दल या मीडिया को मतदाता की कोई एक भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई कि किसी का नाम गलत ढंग से काटा गया हो। उन्होंने दावा किया कि जनता ने बिहार में आरजेडी के जंगल राज को नकार दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR का उद्देश्य राज्य में अवैध रूप से रह रहे लोगों को मतदाता सूची से बाहर करना है। उन्होंने कहा, “जो भी अवैध रूप से घुसते हुए पाया जाएगा, उसे वोटर लिस्ट और राज्य के साथ-साथ देश से भी हटा दिया जाना चाहिए।” इसके अलावा, दोहरे नामों और मृत लोगों के नामों को भी हटाया जाएगा।
सपा पर हमला और कार्यकर्ताओं को निर्देश
पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में हत्या, लूट, डकैती, रेप और प्लॉट, घरों तथा दुकानों पर अवैध कब्जे आम बात थे। उन्होंने चेतावनी दी कि बीजेपी सरकार में किसी भी अपराधी पर कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरूप SIR प्रक्रिया पर काम करने का आग्रह किया। महानगर जिला अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर और जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान का कल अंतिम दिवस है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे कल तक सभी गणना फॉर्म आवश्यक रूप से जमा करवाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
समीक्षा बैठक का संचालन महानगर महामंत्री केशव फौजी ने किया। कार्यक्रम में जिला प्रभारी ब्रज बहादुर भारद्वाज, महापौर कामिनी राठौर, विधायक प्रेमपाल धनगर, डॉ. लक्ष्मी नारायण यादव, तथा अन्य प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे।
Also Read: लखनऊ में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, दर्जनों वाहन सीज, कटे चालान

