Kanpur News: ‘अरे DM ही तो है, भगवान थोड़ी…’ कानपुर में एक और ऑडियो कांड

Kanpur News: कानपुर में कुछ समय पहले सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी का एक कथित ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह डीएम के बारे में अपशब्द कह रहे थे। उस मामले ने काफी विवाद खड़ा किया था, हालांकि सीएमओ ने ऑडियो में अपनी आवाज होने से साफ इंकार कर दिया था। अब शहर में एक और कथित ऑडियो कांड सामने आया है, जिसने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है।

चर्चाओं का विषय बन गया

यह नया ऑडियो कथित तौर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी शिल्पी सिंह का बताया जा रहा है। वायरल ऑडियो में एक महिला की आवाज सुनाई दे रही है, जो डीएम के बारे में अपशब्द कहते हुए बोल रही है — “अरे डीएम ही तो है, भगवान थोड़ी ना है… यहां सभी पढ़ाई करके आए हैं।” इस कथित ऑडियो के वायरल होते ही यह सोशल मीडिया और स्थानीय चर्चाओं का विषय बन गया है।

कार्रवाई के लिए पत्र भी भेजा था

मामले की पृष्ठभूमि में देखा जाए तो जून 2025 में छात्रवृत्ति घोटाले से जुड़े एक मामले में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने संज्ञान लिया था। इस मामले की जांच एसीएम-III को सौंपी गई, जिसमें जिला समाज कल्याण अधिकारी शिल्पी सिंह और एक पटल बाबू को दोषी पाया गया था। इस संबंध में डीएम ने निदेशालय को कार्रवाई के लिए पत्र भी भेजा था।

प्रतिक्रिया आवश्यक नहीं है

वायरल ऑडियो के संबंध में जब शिल्पी सिंह से पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा कि यह उनकी आवाज नहीं है और उन्होंने भी यह ऑडियो सोशल मीडिया पर सुना है। वहीं, डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मीडिया के माध्यम से मेरे संज्ञान में लाए गए अपुष्ट ऑडियो के बारे में संबंधित अधिकारी ने इंकार किया है। अगर कोई अपने निजी पलों में पीड़ा वश अपनी मनःस्थिति के अनुसार कुछ कहता है, तो उस पर प्रतिक्रिया आवश्यक नहीं है।”

कयास लगाए जा रहे हैं

हालांकि प्रशासनिक स्तर पर इस ऑडियो की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके वायरल होते ही यह शहर में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। पहले सीएमओ और अब जिला समाज कल्याण अधिकारी का नाम जुड़ने से कानपुर में अधिकारियों और डीएम के बीच तनाव के कयास भी लगाए जा रहे हैं।

Also Read: Azamgarh News: 24 साल से पुलिस सिस्टम में रहकर आपराधिक गतिविधियों को देता रहा अंजाम, किसी को भनक तक नहीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.