यूपी-नेपाल बॉर्डर पर जांच बढ़ाने के निर्देश, डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा- चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे फोर्स

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश और चिंता का माहौल है। इस हमले में 26 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे। इस घटना को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने सुरक्षा के मद्देनज़र कई अहम निर्देश जारी किए हैं।

डीजीपी ने कहा है कि राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नेपाल सीमा सहित सभी अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेकिंग बढ़ा दी जाए। महराजगंज, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बहराइच और बलरामपुर जैसे जिलों में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर निगरानी कड़ी की जाए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीजीपी ने स्पष्ट किया कि राज्य में रह रहे कश्मीरी छात्रों, पर्यटकों और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि उनके साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। उन्होंने बताया कि हमले के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में कश्मीरी छात्रों को परेशान किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे सख्ती से निपटना ज़रूरी है।

विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाने के निर्देश

इसके अलावा प्रदेश के सभी धार्मिक स्थलों, मॉल, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, भीड़भाड़ वाले बाजारों और मनोरंजन स्थलों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। होटल, धर्मशालाएं, गेस्ट हाउस और नए किराएदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन किया जाएगा।

डीजीपी ने आदेश दिया कि स्थानीय थाना स्तर पर असामाजिक तत्वों और उग्रवादियों की पहचान कर उन पर कड़ी निगरानी रखी जाए। सभी जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार गश्त करें और कमिश्नरेट स्तर पर दंगा नियंत्रण अभ्यास भी सुनिश्चित किया जाए।

सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता बनाने के लिए ड्रोन कैमरों से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। वहीं सभी सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखा जाएगा और उनकी रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। डीजीपी ने कहा कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जाए और पोस्ट करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं।

Also Read: UP Weather : मौसम ने फिर बदली करवट, 12 जिलों में ओले गिरने की संभावना, बारिश का भी…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.