प्रयागराज से 50 हजार का इनामी लुटेरा हिमांशु शुक्ला गिरफ्तार, UP STF ने दबोचा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (UP STF) की प्रयागराज फील्ड इकाई ने शनिवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ₹50,000 के इनामी अपराधी हिमांशु उर्फ सचिन शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त लंबे समय से लूट और छिनैती के मामलों में वांछित चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली में छिपकर रह रहा था।

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी हिमांशु शुक्ला किसी काम से सिविल लाइंस इलाके में मौजूद है और फिर से शहर से बाहर भागने की फिराक में है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसटीएफ टीम ने मिश्रा भवन चौराहा (थाना सिविल लाइंस) के पास से घेराबंदी कर उसे दोपहर करीब 3:00 बजे दबोच लिया।

अपराधिक इतिहास

पूछताछ में हिमांशु ने कुबूल किया कि उसका एक संगठित गिरोह है, जिसका सरगना उसका बहनोई धीरज मिश्रा है। यह गिरोह राहगीरों के साथ मारपीट और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता है।

11 जून 2022 को इस गिरोह ने नवाबगंज क्षेत्र में एक व्यक्ति को रोककर लूटपाट की थी। उस दौरान जनता ने धीरज मिश्रा को पकड़ लिया था, जबकि हिमांशु फरार होने में सफल रहा था। मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्त दिल्ली भाग गया था और वहां एक होटल में वेटर का काम कर रहा था। वह दो-तीन दिन पहले ही वापस लौटा था।

कानूनी कार्रवाई

अभियुक्त के खिलाफ प्रतापगढ़ और प्रयागराज के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। एसटीएफ ने गिरफ्तारी के बाद उसे थाना नवाबगंज, प्रयागराज में दाखिल कर दिया है, जहाँ स्थानीय पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Also Read: सीतापुर: ‘मिशन शक्ति’ के तहत पुलिस ने दिखाई तत्परता, बहराइच से लापता किशोरी को किया बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.