‘हिटमैन’ का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त! हरजस सिंह ने 35 छक्कों की मदद से ठोके 314 रन, रचा इतिहास

Sandesh Wahak Digital Desk: ऑस्ट्रेलिया के युवा बल्लेबाज हरजस सिंह ने एकदिवसीय प्रारूप में बल्लेबाजी के सभी रिकॉर्ड्स को चुनौती देते हुए 314 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली।

न्यू साउथ वेल्स प्रीमियर क्रिकेट टूर्नामेंट में वेस्टर्न सबर्ब्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने सिडनी के खिलाफ यह विस्फोटक प्रदर्शन किया। 20 वर्षीय हरजस ने महज 141 गेंदों में 35 छक्के और 12 चौके लगाते हुए यह स्कोर खड़ा किया।

यह पारी वनडे इंटरनेशनल इतिहास के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर – भारत के रोहित शर्मा के 264 रनों – से भी अधिक है, हालांकि यह पारी घरेलू टूर्नामेंट में खेली गई।

Harjas Singh

सिर्फ बाउंड्री से 258 रन 

हरजस सिंह की यह पारी क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी तूफान से कम नहीं रही। उन्होंने अपनी 314 रनों की पारी में कुल 258 रन सिर्फ बाउंड्रीज़ से बनाए — जिसमें 210 रन छक्कों और 48 रन चौकों से आए।

उन्होंने अपना पहला शतक 74 गेंदों में पूरा किया, लेकिन दूसरा शतक केवल 29 गेंदों में जड़ डाला। 132 गेंदों में ट्रिपल सेंचुरी पूरी करने के बाद वे अंतिम ओवर में आउट हुए।

हरजस की इस जबरदस्त पारी की बदौलत वेस्टर्न सबर्ब्स ने 50 ओवरों में 483 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

U19 वर्ल्ड कप में भी दिखा चुके हैं दम

हरजस सिंह ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं और उन्होंने 2024 के अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के खिलाफ 55 रनों की अहम पारी खेली थी। इस रिकॉर्ड पारी के बाद उन्होंने कहा,

“मैं शतक बनाकर ही बहुत खुश था। मैंने अपनी मां से वादा किया था कि अगर मैं शतक बनाऊंगा, तो क्या आप मुझे अपनी कार चलाने दोगी?”

रोहित शर्मा का रिकॉर्ड अभी भी इंटरनेशनल स्तर पर कायम

वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में अब भी सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भारत के रोहित शर्मा के नाम दर्ज है, जिन्होंने 13 नवंबर 2014 को श्रीलंका के खिलाफ 173 गेंदों पर 264 रन बनाए थे। उस पारी में रोहित ने 9 छक्के और 33 चौके लगाए थे।

गौरतलब है कि रोहित शर्मा फिलहाल सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं और ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए विराट कोहली के साथ टीम में शामिल किए गए हैं।

हालांकि, अब वह कप्तानी नहीं कर रहे हैं।

Also Read: IND vs AUS ODI Series: शुभमन गिल बने टीम इंडिया के नए वनडे कप्तान, विराट और रोहित टीम में बरकरार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.