अमेठी में ‘ऑनर किलिंग’: युवक ने तलवार से रेता दोस्त का गला, पुलिस ने हत्यारों को दबोचा

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी के बाजार शुकुल कस्बे में मंगलवार की सुबह झाड़ियों में मिली युवक शाहिद की लाश ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को पकड़ लिया है। इस हत्याकांड के पीछे की वजह ‘नफरत और रंजिश’ की एक ऐसी कहानी निकली, जिसने सबको हैरान कर दिया है।

झाड़ियों में मिला था खून से लथपथ शव

बीते मंगलवार की सुबह बाजार शुकुल कस्बा निवासी शाहिद (23 वर्ष) का शव इंटर कॉलेज रोड पर रहमतगढ़ गांव के पास पुलिया के बगल में पाया गया था। शाहिद का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। मृतक के पिता शरीफ की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

थानाध्यक्ष विवेक वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने जब संदिग्धों से पूछताछ की, तो परतें खुलती चली गईं। पुलिस ने सुहेल (निवासी पूरे लोहांगी) और अभिषेक पाल (निवासी मवैया रहमतगढ़) को गिरफ्तार किया, साथ ही एक नाबालिग (बाल अपचारी) को भी हिरासत में लिया।

मुख्य आरोपी सुहेल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि शाहिद उसकी बहन से बातचीत करता था। यह बात सुहेल को नागवार गुजरती थी और इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर शाहिद को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।

तलवार से किया हमला और फेंक दिया शव

वारदात वाली रात आरोपियों ने शाहिद को घेर लिया और तलवार से उसका गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई तलवार, मृतक का मोबाइल, आरोपियों के फोन और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं।

पुलिस की कार्रवाई

थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। नाबालिग को पुलिस निगरानी में रखा गया है, जबकि अन्य आरोपियों को जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: अमेठी में रफ्तार का कहर: दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर, दो युवकों की दर्दनाक मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.