ढाका में भयानक हादसा, फाइटर जेट कॉलेज पर गिरा, पायलट की मौत, छात्रों के हताहत होने की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश वायुसेना का एक FT-7BGI फाइटर जेट सोमवार को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद क्रैश हो गया। यह विमान ढाका के उत्तर में स्थित माइलस्टोन कॉलेज की एक इमारत पर जा गिरा, जिससे एक भयानक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में पायलट की मौत हो गई है, और कॉलेज परिसर में विमान गिरने के कारण कई छात्रों के भी हताहत होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के कारणों के बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रशिक्षण विमान था FT-7BGI, चीन ने बनाया था
बांग्लादेशी मीडिया के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हुआ FT-7BGI विमान एक प्रशिक्षण विमान था, जिसे चीन ने बनाया था। इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के अनुसार, फाइटर जेट ने दोपहर 1 बजकर 6 मिनट पर उड़ान भरी थी और लगभग 1 बजकर 30 मिनट तक यह हादसे का शिकार हो गया। हज़रत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस दुर्घटना की पुष्टि की है।
माइलस्टोन कॉलेज परिसर में गिरा विमान, बचाव कार्य जारी
हादसे में पायलट की मौत की जानकारी सामने आ रही है, हालांकि अभी तक अन्य हताहतों या हादसे में प्रभावित लोगों के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। यह फाइटर जेट सीधे ढाका के उत्तर में स्थित माइलस्टोन कॉलेज परिसर में गिरा है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय कॉलेज में छात्र मौजूद थे, ऐसे में बड़ी संख्या मंा छात्रों के भी घायल या हताहत होने की आशंका गहरा गई है।
Also Read: मुंबई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया का प्लेन रनवे पर फिसला, तीनों टायर फटे

