आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, आम से भरा ट्रक पलटा, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: आंध्र प्रदेश के अन्नमय्या ज़िले में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। पुल्लमपेट मंडल के रेड्डीचेरुवु कट्टा के पास आम से लदा एक ट्रक पलट गया, जिसमें 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक हादसा रात में हुआ, जब एक ट्रक जिसमें आम के साथ कुछ लोग भी सवार थे, अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की भयावहता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि कई लोगों की मौके पर ही जान चली गई। ट्रक में सवार लोग राजमपेट से रेलवे कोडुरु की ओर जा रहे थे।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों से तत्काल बात कर हादसे की विस्तृत जानकारी ली और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करेगी।

घायलों का इलाज और प्रशासन की कार्रवाई

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि इलाज में किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी ज़रूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

सरकार हर कदम पर पीड़ितों के साथ

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राज्य सरकार इस दुखद घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर जरूरी सहायता मुहैया कराई जाएगी।

 

Also Read: Delhi: नेवी और CRPF स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.