UP News: बांदा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने 200 मीटर तक घसीटी बाइक, दो मासूमों की मौके पर मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: बांदा जिले में रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। इन हादसों में दो मासूम बच्चों समेत कुल चार लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पहली घटना: बाइक को 200 मीटर तक घसीटा ट्रक, दो मासूमों की मौत
पहला हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र के कनवारा बाईपास पर हुआ, जहां रघुवंसी डेरा निवासी श्यामू अपने दो बच्चों, शिवा (6) और प्रियंका (4) के साथ ससुराल से लौट रहे थे।
इस दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और कथित रूप से 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।
हादसे में दोनों बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि श्यामू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसा अवैध मोरंग ढुलाई के कारण हुआ, क्योंकि सड़क किनारे जमा मोरंग के कारण दृश्यता बाधित हो रही थी। दोनों बच्चे श्यामू की इकलौती संतान थे, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
मौके पर पहुंचे DSP राजवीर सिंह ने पुलिस बल के साथ स्थिति को संभाला और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और जांच जारी है।
दूसरी घटना: डीसीएम ट्रक ने दो युवकों को कुचला
दूसरा हादसा देहात कोतवाली क्षेत्र के करहिया गांव के पास हुआ, जहां नंदकिशोर (25) और समर सिंह (20) लामा गांव से सामान लेकर लौट रहे थे।
इस दौरान एक तेज रफ्तार डीसीएम ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को बरामद कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जिले में शोक और आक्रोश का माहौल
DSP राजवीर सिंह ने पुष्टि की कि दोनों घटनाओं में कुल चार लोगों की जान गई है और सभी मामलों में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों में दुर्घटनाओं को लेकर भारी नाराज़गी है, विशेष रूप से अवैध खनन और परिवहन व्यवस्था को लेकर।
Also Read: Balrampur News: कार ने ई रिक्शा को मारी जोरदार टक्कर, दो की मौत, पांच घायल

