महोबा में भीषण सड़क हादसा, कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में 5 की मौत, 3 गंभीर घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के महोबा जिले के श्रीनगर-बेलाताल मार्ग पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें कार और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा ननौरा गांव के पास दोपहर करीब 1 बजे हुआ।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोतवाली चरखारी क्षेत्र के बगरोन गांव से कुछ लोग अपनी बहू की विदाई के लिए ननौरा गांव जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार की टक्कर सामने से आ रही एक बाइक से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बाइक को घसीटते हुए करीब 20 मीटर तक खींचती चली गई, जिससे दोनों वाहनों में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया और मृतकों की शिनाख्त का कार्य शुरू कर दिया है। तीन घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि वाहन की तेज रफ्तार और असंतुलित ड्राइविंग इस हादसे का कारण हो सकती है।

हादसे ने उजाड़ा कई परिवार

इस सड़क हादसे ने एक ही पल में कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। मृतकों में महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं। पुलिस द्वारा मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। गांव में शोक की लहर फैल गई है और लोगों की आंखें नम हैं।

Also Read: Amroha News: अवैध पटाखा फैक्टरी में भयंकर विस्फोट, चार लोगों की मौत, दर्जनों घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.