उरई में भीषण सड़क हादसा, नींद की झपकी बनी पांच की मौत का कारण, तीन गंभीर घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: झांसी-कानपुर हाईवे पर स्थित सोमई गिरथन के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि चालक को नींद आने के कारण एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में चली गई, जिससे झांसी की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के इकधरा निवासी ब्रजेश (कार चालक), उनकी पत्नी प्रीति, अंकित की पत्नी संगीता, पुत्री सिद्धिका और पुत्र अत्तु के रूप में हुई है। कार में सवार अंकित, मानवी और मंदा गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
ट्रक ने मारी कार में टक्कर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अंकित अपने परिवार और चालक ब्रजेश के साथ बुधवार सुबह कार से बेंगलुरु जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास सोमई गिरथन के नजदीक पहुंची, चालक ब्रजेश को नींद की झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और दूसरी तरफ चली गई। उसी दौरान झांसी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस दर्दनाक हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह से बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में फंसे शवों को निकालने के लिए कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। इस भीषण हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

