पीलीभीत में भीषण सड़क हादसा, मां-बेटे और पोते की दर्दनाक मौत, कार चालक फरार
Sandesh Wahak Digital Desk: पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। दियोरिया कलां रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार तीन लोगों एक महिला, उनके बेटे और पोते की मौके पर ही मौत हो गई। यह परिवार शाहजहांपुर के पुवायां से अपनी रिश्तेदारी से लौटकर घर जा रहा था, तभी उनकी खुशियों पर मानो रफ्तार का कहर टूट पड़ा।
कैसे हुआ हादसा?
यह दर्दनाक हादसा दियोरिया कलां रोड पर मानपुर और विसंघापुर गांव के बीच हुआ। बीसलपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी तुरंत मौत हो गई। हादसे के बाद, आरोपी कार चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।
मृतकों की हुई शिनाख्त
मृतकों की पहचान शाहजहांपुर जिले के पुवायां क्षेत्र के गांव टिकलिया निवासी प्रवीण कुमार (35), उनकी मां सुशीला देवी (60), और प्रवीण के बेटे यश (12) के रूप में हुई है। हादसे की खबर सुनते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, जब पीड़ित परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो मातम छा गया। मां, बेटे और पोते की मौत से उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Also Read: सिद्धार्थनगर में पूर्व माध्यमिक शिक्षकों ने किया प्रदर्शन, शिक्षक संघ ने सरकार से की ये अपील

