पुणे में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित कंटेनर ने 7 श्रद्धालुओं को कुचला, मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के खेड़ तालुका में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 35 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ, जब एक तेज रफ्तार कंटेनर ने शिक्रापुर-चाकन रोड पर 7-8 वाहनों को रौंद दिया और एक दुकान में जा घुसा।

मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं से भरा था हाईवे

यह भयावह हादसा कुंडेश्वर के पास करांदी गांव की सीमा में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक मालवाहक कंटेनर के चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे कई वाहनों को कुचलता चला गया। हादसे की चपेट में आए लोग मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों के परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है।

 

Also Read: चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन, राहुल गांधी समेत कई सांसद हिरासत में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.