मध्य प्रदेश के झाबुआ में भीषण हादसा, सीमेंट से भरा ट्रक कार पर पलटा, 9 की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की जान चली गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मेघनगर थाना क्षेत्र में एक संकरी सड़क पर उस वक्त हुआ जब एक सीमेंट से लदा भारी ट्रक अनियंत्रित होकर एक कार पर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक तेज रफ्तार में था और मोड़ पर उसका संतुलन बिगड़ गया। सामने जा रही कार पर ट्रक पूरी तरह पलट गया, जिससे उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह पिचक गई।
घायलों की हालत नाजुक
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और ट्रक को हटाने के लिए क्रेन मंगवाई गई। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसे की असली वजह क्या थी, ट्रक की ओवरलोडिंग, ड्राइवर की लापरवाही या सड़क की खराब स्थिति। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में मातम पसर गया है।
Also Read: दिल्ली में क्लासरूम निर्माण में घोटाला, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को ACB का समन

