मिर्जापुर में भीषण हादसा: ट्रैक्टर को ट्रक ने मारी टक्कर, दो की मौत और चार गंभीर घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के भावा बाजार के पास शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

खुशियों के बाद मातम

यह परिवार सोनभद्र जिले के घोरावल थाना क्षेत्र अंतर्गत धनवाल गांव में रामजनम की बेटी के घर बधाव (पुत्र जन्म की खुशी में भेंट) देकर लौट रहा था। शुक्रवार को जहां घर में खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं शनिवार की सुबह हादसे की खबर से मटिहानी गांव (मड़िहान थाना क्षेत्र) में मातम पसर गया।

ये घटना मड़िहान थाना क्षेत्र के भावा बाजार के पास हुई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार शंकर (50 वर्ष, पुत्र रामवृक्ष) और संदीप (15 वर्ष, पुत्र बाबूलाल) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

ट्रॉली पर सवार भगवानी (60 वर्ष), प्रेम (50 वर्ष), रंजन (18 वर्ष) और रीमा (15 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सीएचसी मड़िहान में भर्ती कराया। पुलिस ने ट्रक चालक और वाहन का पता लगाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।

Also Read: बीजेपी में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर सस्पेंस बरकरार,PM मोदी रविवार को करेंगे हाई लेवल मीटिंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.