यूपी में भीषण हादसा: बस-ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग, कई लोगों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में कोतवाली देहात क्षेत्र के फुलवरिया बाईपास पर मंगलवार सुबह लगभग साढ़े चार बजे एक खौफनाक सड़क हादसा हुआ। सोनौली से दिल्ली जा रही एक निजी बस और एक मालवाहक ट्रक की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हुए हैं।

चीख-पुकार और तत्काल राहत कार्य

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही क्षणों में आग भड़क उठी, जिससे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, बस जैसे ही फुलवरिया चौराहा पार कर ही रही थी कि ओवरब्रिज की ओर से आ रहे ट्रक ने सीधे बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस सड़क से खिसककर किनारे लगे ट्रांसफार्मर से टकरा गई। बिजली के तार छूने से बस में आग लगी और वह ट्रक तक फैल गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और 25 घायल हुए, जिनमें से पांच गंभीर घायलों को बहराइच रेफर किया गया है।

स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस और दमकल टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने तथा राहत-बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के बाद पलटे हुए ट्रक के नीचे से बुरी तरह झुलसा हुआ एक शव मिला, जिसके ट्रक चालक या सहायक होने की आशंका है।

अधिकारियों ने लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की, उनकी स्थिति जानी और बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच और शवों की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.