आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: अनियंत्रित स्लीपर बस डिवाइडर तोड़कर पलटी, 40 से अधिक यात्री घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली से वाराणसी आ रही एक निजी एसी स्लीपर बस (BR 28 P 9488) बुधवार देर रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। उन्नाव जिले के मटरिया हसनगंज इलाके में रात करीब 2:30 बजे बस एक्सप्रेसवे से नीचे उतरकर पलट गई। शुरुआती आशंका है कि यह दुर्घटना ओवर स्पीडिंग और कोहरे के कारण हुई। हादसे में बस में सवार 40 से अधिक यात्रियों के घायल होने की सूचना है।
कैसे हुआ हादसा?
बस शाम छह बजे दिल्ली से वाराणसी के लिए रवाना हुई थी। यात्रियों के अनुसार, रात लगभग 1:45 बजे बस आगरा से आगे निकल चुकी थी। घायल यात्री विजय प्रकाश तिवारी (कानपुर निवासी) ने बताया कि टोल प्लाजा से करीब पाँच किलोमीटर आगे बढ़ने पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई।
अनियंत्रित होने के बाद बस एक्सप्रेसवे से नीचे उतर गई और पलट गई। जिस समय हादसा हुआ, बस के अधिकतर यात्री सो रहे थे, जिससे किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। घायलों में विजय प्रकाश तिवारी और उनकी पत्नी उषा तिवारी सहित उनके परिवार के पाँच सदस्य भी शामिल हैं, जो लखनऊ तक यात्रा कर रहे थे।
राहत और बचाव कार्य में देरी
हादसे के तुरंत बाद शोर सुनकर कुछ ग्रामीण मौके पर पहुँचे और उन्होंने कंट्रोल रूम को सूचना दी। घना अंधेरा और कोहरा होने की वजह से राहत और बचाव दल को घटनास्थल तक पहुँचने में देर लगी। यूपी कंट्रोल रूम में सूचना मिलते ही एंबुलेंस और राहत दल को रवाना किया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए उन्नाव और लखनऊ के विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगा रही है।
Also Read: बसपा सुप्रीमो मायावती आज भभुआ में करेंगी जनसभा, एक रैली से पूरे बिहार चुनाव को साधने की कोशिश

