Japan में एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 50 से ज्यादा वाहन आपस में टकराए
Sandesh Wahak Digital Desk: जापान (Japan) में साल के आखिरी दिनों और नए साल की छुट्टियों की शुरुआत के बीच एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। शुक्रवार देर रात बर्फ से ढके एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतार आपस में टकरा गई। देखते ही देखते यह दुर्घटना आग की लपटों में तब्दील हो गई, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार यह हादसा Japan के गुनमा प्रांत के मिनाकामी शहर के पास एक्सप्रेसवे पर हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सबसे पहले दो भारी ट्रकों की आपस में टक्कर हुई, जिससे सड़क पर अचानक जाम लग गया। पीछे से आ रहे वाहन बर्फीली और फिसलन भरी सतह पर समय रहते ब्रेक नहीं लगा सके। हालात इतने खराब थे कि एक के बाद एक वाहन टकराते चले गए और कुछ ही पलों में यह हादसा एक बड़े चेन एक्सीडेंट में बदल गया। प्रांतीय हाईवे पुलिस ने पुष्टि की है कि इस दुर्घटना में 50 से अधिक वाहन शामिल थे।
आग लगने से बढ़ी तबाही
हादसे के अंतिम चरण में हालात और ज्यादा भयावह हो गए, जब कई वाहनों में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियों को अपनी चपेट में लेती चली गई। दमकल विभाग के अनुसार आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब सात घंटे का समय लगा। कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि आग के कारण किसी अन्य व्यक्ति की जान नहीं गई।
Japan की पुलिस ने मीडिया को बताया कि इस हादसे में टोक्यो की 77 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक गंभीर रूप से घायल मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है।
बंद हुआ एक्सप्रेसवे
जापान के सरकारी प्रसारक NHK के अनुसार, हादसे के बाद निगाता प्रांत के युज़ावा इंटरचेंज और गुनमा प्रांत के त्सुकियोनो इंटरचेंज के बीच एक्सप्रेसवे को दोनों दिशाओं से बंद कर दिया गया। सड़क पर बिखरे मलबे, जले हुए वाहनों को हटाने और जांच पूरी होने तक यातायात बहाल नहीं किया जा सका। अधिकारियों ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि मार्ग दोबारा कब खोला जाएगा।
हादसे में फंसे एक 60 वर्षीय ट्रक चालक ने जापानी अखबार को बताया कि उसके सामने चल रही कार को बचाने के लिए उसे अचानक स्टेयरिंग मोड़नी पड़ी, जिससे उसका ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। उसके मुताबिक पीछे से लगातार जोरदार टक्करों की आवाजें आ रही थीं और बर्फ के कारण वाहन पर नियंत्रण लगभग खत्म हो चुका था। उस पल उसे लगने लगा था कि शायद जान बचाना मुश्किल हो जाएगा।
Also Read: भारत – न्यूजीलैंड के बीच Free Trade अग्रीमेंट, PM ने की तारीफ

