लखनऊ-हरदोई हाईवे पर भीषण हादसा: खाई में पलटी रोडवेज बस, 5 की मौत और 10 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के काकोरी इलाके में गुरुवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जहाँ एक तेज रफ्तार रोडवेज बस अनियंत्रित होकर एक 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

कैसे हुआ हादसा?

यह घटना बेहता नदी पुल के पास तब हुई जब एक ट्रैक्टर-टैंकर और बाइक सवार को बचाने की कोशिश में रोडवेज बस पलट गई। बस के परिचालक मो. रेहान के मुताबिक, टक्कर के बाद बस कई बार पलटी खाकर खाई में जा गिरी। बस में कुल 44 यात्री सवार थे।

हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम पहुँची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। बस को क्रेन और जेसीबी की मदद से सीधा करके अंदर फंसे लोगों को निकाला गया।

घायलों और मृतकों की स्थिति

जिलाधिकारी विशाख जी ने 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है। घायलों को तुरंत स्थानीय सीएचसी काकोरी ले जाया गया, जहाँ से गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। मृतकों में बालुराम, नंदेव, संजीव कुमार, अरविंद कुमार और दिलशाद शामिल हैं।

हादसे के दौरान बस की चपेट में दो बाइक सवार भी आ गए, जिनमें से एक का शव बस के नीचे बुरी तरह फँसा हुआ मिला। पुलिस और प्रशासन की टीमें घायलों के समुचित इलाज और मामले की जाँच में जुटी हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.