मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर भीषण हादसा, सवारियों से भरे ऑटो को टक्कर, फल विक्रेता समेत 3 की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर कुंदरकी क्षेत्र के पास देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक सवारियों से भरे ऑटो को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में फल विक्रेता और ऑटो चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
भीकनपुर कुलवाड़ा के पास हुई दुर्घटना
पुलिस के अनुसार, यह हादसा देर रात तब हुआ जब ऑटो मुरादाबाद से कुंदरकी की ओर जा रहा था। ग्राम भीकनपुर कुलवाड़ा के पास, किसी दूसरे वाहन ने ओवरटेक करने के प्रयास में ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलटकर सड़क किनारे जा गिरा।
इस दुर्घटना में तीन लोगों ने दम तोड़ दिया जिसमें जैद (26 वर्ष), मोहम्मद सुल्तान (32 वर्ष) ऑटो चालक और कृष्णनाथ (19 वर्ष) शामिल है। जबकि हादसे में घायल हुए दो युवकों, रामपुर के राजकुमार और कुंदरकी निवासी अनीस, की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उस अज्ञात वाहन का पता लगाने में जुटी है, जिसने ऑटो को टक्कर मारी थी।
Also Read: लखनऊ: फर्जी सरिया चोरी केस में फंसे 4 बेगुनाह, इंस्पेक्टर समेत 5 पुलिसकर्मियों पर FIR दर्ज

