पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौत

अमेठी (बाजार शुकुल): उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। यह हादसा बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर नंबर 63 पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार दोनों युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

मदद मिलने से पहले ही टूट गई सांसें

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल युवक का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है।

पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त में मृतक की पहचान 22 वर्षीय योगेंद्र यादव के रूप में हुई है। योगेंद्र जौनपुर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के गुड़िला गांव का रहने वाला था और फूलचंद यादव का पुत्र था। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से लखनऊ से सुल्तानपुर की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

पुलिस की कार्रवाई

बाजार शुकुल के थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम (PM) के लिए भेज दिया है। योगेंद्र के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्यवाही में जुटी है।

Also Read: ‘मेरे खिलाफ हो रही साजिश का जल्द करूंगी पर्दाफाश’, अपर्णा यादव की खुली चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.