यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: 6 बसें जलकर खाक, 5 यात्रियों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में छह यात्री बसें और एक कार पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। दुर्घटना और उसके बाद लगी आग में अब तक पांच यात्रियों की मौत की खबर है, जबकि 50 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया है।
मथुरा जिले के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे (दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे) पर मंगलवार (सुबह) पहले एक दुर्घटना हुई, जिसके कारण तीन से चार बसों में तेजी से आग लग गई। हादसे के वक्त बसें यात्रियों से भरी हुई थीं। एक यात्री ने बताया कि वे सो रहे थे, तभी जोरदार आवाज के साथ आग फैल गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बचाव एवं राहत कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा। जिलाधिकारी (DM), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), सीओ और एसडीएम समेत तमाम अधिकारी घटना स्थल पर मौजूद हैं।
मौके पर आधा दर्जन से अधिक, कुल 11 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बचाव कार्य के लिए 14 एंबुलेंस गाड़ियां लगाई गईं। एक्सप्रेसवे के इस हिस्से पर यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, ताकि बचाव और राहत कार्य सुचारू रूप से चल सके। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन यात्रियों की पहचान करने और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुटा है।

