अंबेडकरनगर में भीषण सड़क हादसा: डीसीएम और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में 3 की मौत, 6 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अहिरौली थाना क्षेत्र के यादव नगर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार डीसीएम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में डीसीएम के केबिन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मेले से घर लौट रहे थे व्यापारी

मृतक और घायल सभी बुलंदशहर जिले के निवासी हैं। ये लोग अंबेडकरनगर के श्रवण क्षेत्र में पिछले एक महीने से चल रहे मेले में ‘खजला’ (मिठाई) की दुकान लगाने आए थे। मंगलवार रात मेला समाप्त होने के बाद सभी अपना सामान लेकर वापस घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार मरने वालों में डीसीएम चालक सुधीर कुमार और उनका चचेरा भाई धर्मवीर (निवासी दवाई, बुलंदशहर) शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जबकि सतीश चंद्र, महावीर, सुशील कुमार, राजेश, सत्य प्रकाश और छोटेलाल इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

सूचना मिलने पर पहुँची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद डीसीएम की क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Also Read: यूपी में कड़ाके की ठंड: पछुआ हवाओं ने गिराया 5 डिग्री पारा, लखनऊ समेत 19 जिलों में घने कोहरे का ‘ऑरेंज अलर्ट’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.