अमरोहा में भीषण सड़क हादसा: DCM में घुसी तेज रफ्तार कार, 4 डॉक्टरों की दर्दनाक मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: अमरोहा जिले में बुधवार देर रात नेशनल हाईवे-9 पर रजबपुर और अतरासी के बीच एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में चारों एक ही यूनिवर्सिटी के डॉक्टर हैं।
रजबपुर थाना क्षेत्र के अतरासी के पास यह हादसा रात करीब 10 बजे फ्लाईओवर के समीप हुआ। पुलिस के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक माल भरे डीसीएम (DCM) में जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार चारों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अंधेरे में सड़क किनारे खड़े डीसीएम को कार चालक देख नहीं पाया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में मारे गए सभी चार लोग रजबपुर थाना क्षेत्र स्थित श्री वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी के डॉक्टर (डॉक्टर छात्र) बताए जा रहे हैं। ये सभी मेरठ से गाजियाबाद लौट रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यातायात को सुचारु करने के लिए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया गया।
हादसों की पुनरावृत्ति पर सवाल
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने स्वीकार किया कि यह पहला मामला नहीं है जब सड़क किनारे खड़े ट्रकों से टकराकर वाहन हादसे का शिकार हुए हों। सड़क किनारे अवैध रूप से ट्रक खड़ा करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई के बावजूद ऐसी दुर्घटनाएं कम नहीं हो रही हैं।
Also Read: आजम खान और अब्दुल्ला आजम ने परिवार से मिलने से किया इनकार, रामपुर जेल प्रशासन ने साधी चुप्पी

