बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और अर्टिगा की सीधी टक्कर, दंपति समेत 6 लोगों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सोमवार देर रात देवा-फतेहपुर मार्ग पर कल्याणी नदी के पुल के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रक और एक अर्टिगा कार के बीच हुई सीधी भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

फतेहपुर कस्बे के मौलवीगंज निवासी प्रदीप रस्तोगी (55) अपने परिवार और परिचितों के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होने कानपुर के बिठूर गए थे। देर शाम लौटते समय, उनकी नई अर्टिगा कार (बिना नंबर) जैसे ही कल्याणी नदी के पुल के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से उसकी भीषण टक्कर हो गई।

हादसे में प्रदीप रस्तोगी, उनकी पत्नी माधुरी रस्तोगी (52), पुत्र नितिन (35), युवक नैमिष (20), कार चालक श्रीकांत (40) और एक अन्य समेत कुल छह लोगों की मौके पर मौत हो गई।

प्रदीप रस्तोगी के पुत्र कृष्णा रस्तोगी (15) और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घायलों की सूची में इंद्र कुमार और विष्णु का भी नाम शामिल है।

गैस कटर से काटकर निकाले गए शव

दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (DM) शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक (SP) अर्पित विजयवर्गीय तुरंत मौके पर पहुंचे। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिससे शवों को निकालने के लिए पुलिस को गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।

एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जिसे पकड़ने के लिए तलाशी जारी है। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

रस्तोगी परिवार कस्बे का एक सम्मानित परिवार था। परिवार के तीन सदस्यों (पिता और दो पुत्रों) के एक साथ निधन की खबर से फतेहपुर कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है।

Also Read: सोनभद्र और गाजियाबाद में पकड़ी गई 5 करोड़ की अवैध कफ सीरप, आठ गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.