दौसा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और कार की सीधी भिड़ंत में 6 दोस्तों की दर्दनाक मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा पेश आया। अभानेरी गांव से एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे छह युवकों की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघ गई और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। इस टक्कर में कार सवार सभी छह दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
डिवाइडर तोड़कर सामने से आ रहे ट्रक में घुसी कार
पुलिस के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक अपना नियंत्रण खो बैठा। कार डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई और वहां आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सभी मृतक एक ही गांव के निवासी
हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक दौसा के कल्खो गांव के रहने वाले थे और आपस में गहरे दोस्त थे। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
अंकित, समय सिंह, लोकेश, नवीन, दिलखुश और मनीष।
पुलिस जांच जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद शवों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकालकर अस्पताल के मुर्दाघर भिजवाया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। एक साथ छह नौजवानों की मौत से कल्खो गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
Also Read: लखनऊ: निर्माणाधीन मकानों से बिजली के तार चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार,10 बंडल तार बरामद

