गुरुग्राम में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार थार डिवाइडर से टकराई, 5 लोगों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: गुरुग्राम के झाड़सा चौक पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार थार एसयूवी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। यह दर्दनाक हादसा शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे झाड़सा चौक एक्जिट नंबर 9 के पास हुआ। UP 81 CS 2319 नंबर की थार एसयूवी दिल्ली से आ रही थी। गाड़ी में कुल छह लोग सवार थे।

पुलिस के अनुसार, थार की रफ्तार बहुत तेज थी, जिसके कारण चालक गाड़ी का संतुलन खो बैठा और थार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

इस हादसे में थार में सवार पांच लोगों (तीन युवतियां और दो युवक) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में से एक युवती की पहचान प्रतिष्ठा मिश्रा के रूप में हुई है। वहीं, एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस कार्रवाई

सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और गाड़ी का अनियंत्रित होना बता रही है।

Also Read: दिवाली से पहले यूपी को दोहरी सौगात, बिजली बिल में कटौती और उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त सिलेंडर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.