सिद्धार्थनगर में भीषण सड़क हादसा: पिकअप की टक्कर से एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर में शनिवार को जोगिया-बांसी मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना जोगिया कोतवाली क्षेत्र के तनेजवा मोड़ पर हुई, जब मोटरसाइकिल सवार चार युवाओं की सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली लोटन परिक्षेत्र के बनियाडीह गांव के तीन युवक और महदेईया टोला बगही का एक युवक अपनी-अपनी बाइक से किसी काम से लोटन से बांसी की ओर जा रहे थे। जैसे ही ये युवा जोगिया-बांसी मार्ग पर तनेजवा मोड़ के पास पहुंचे, बांसी की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवा बुरी तरह घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर राहगीर और ग्रामीण तुरंत मौके पर जमा हो गए और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

एक की मौत, तीन की हालत नाजुक
घटना की सूचना पाकर कोतवाल जोगिया मीरा चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचीं। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायल युवाओं को तत्काल इलाज के लिए सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान, 17 वर्षीय मंगेश पुत्र राजकुमार (निवासी बनियाडीह, कोतवाली लोटन) की मौत हो गई। अन्य तीन घायल युवाओं की पहचान निम्न प्रकार हुई है, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है (दो की हालत अति गंभीर है):
- सत्यम पुत्र प्रकाश (ग्राम बनियाडीह, कोतवाली लोटन)
- सनी पुत्र डोलई (ग्राम बनियाडीह, कोतवाली लोटन)
- कल्लू पुत्र अज्ञात (ग्राम पंचायत महदेईया टोला बगही, कोतवाली लोटन)
मृतक मंगेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस भेज दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र और पीड़ित परिवारों में मातम छाया हुआ है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: बलरामपुर: प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय ट्रैक्टर पलटा, मजदूर की मौत, नशे में लापरवाही का आरोप

